समाचार

सक्ती: उजड़े अखरभाठा उद्यान की बदलेगी सूरत, श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार संभालेगा देखरेख का जिम्मा

सक्ती। शहर के अखरभाठा स्थित नगरपालिका का उद्यान, जो काफी लंबे समय से उपेक्षित और उजड़ा हुआ था, अब जल्द ही एक नए और भव्य रूप में नजर आएगा। इस बदहाल गॉर्डन के कायाकल्प के लिए ‘श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार’ ने एक सराहनीय पहल की है, जिसे नगरपालिका प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिला है।

असामाजिक तत्वों का बन चुका था अड्डा

अखरभाठा का यह उद्यान रखरखाव के अभाव में चारों तरफ गंदगी से पट चुका था। स्थानीय मोहल्ले वासियों के मुताबिक, इस उजड़े हुए गॉर्डन में कुछ बिगड़े हुए लोग नशा करने और गांजा पीने आते थे, जिससे यह पूरी तरह असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका था। नगर की इस खूबसूरत जगह की ऐसी दुर्दशा देखकर श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार ने इसे पुनः हरा-भरा और स्वच्छ बनाने का बीड़ा उठाया।

मंदिर परिवार की पहल और 24 घंटे में मिली सहमति

उद्यान की सूरत बदलने और इसके देखरेख की अनुमति मांगने के लिए मंदिर परिवार के सदस्यों ने नगरपालिका अध्यक्ष श्री श्यामसुंदर अग्रवाल जी से मुलाकात की। जनहित के इस कार्य को देखते हुए अध्यक्ष जी ने त्वरित निर्णय लिया और महज 24 घंटे के भीतर पालिका में इस विषय पर चर्चा करके श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार को सहमति (अधिकार पत्र) सौंप दिया।

नपा अध्यक्ष व इंजीनियर ने किया मुआयना, सुविधाओं का दिया आश्वासन

सहमति पत्र सौंपने के बाद, 12 तारीख की दोपहर को नगरपालिका अध्यक्ष श्री श्यामसुंदर अग्रवाल, पालिका के इंजीनियर और कर्मचारी खुद अखरभाठा गॉर्डन पहुंचे। वहां का मुआयना करने के बाद अध्यक्ष जी ने मंदिर परिवार की इस पहल की सराहना की और आश्वासन दिया कि:

“नगरपालिका द्वारा बहुत जल्द यहाँ नई साज-सज्जा की जाएगी। इसके साथ ही टूट-फूट की मरम्मत, वाशरूम (शौचालय), पेयजल की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम की व्यवस्था करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।”

अध्यक्ष जी ने इस नए स्वरूप वाले उद्यान की सुरक्षा और देखरेख की पूरी जवाबदारी ‘श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार’ को सौंप दी है, जिसे मंदिर परिवार ने सहर्ष स्वीकार किया।

मंदिर परिवार ने जताया आभार

इस त्वरित कार्रवाई और सकारात्मक सहयोग के लिए नगर के प्रथम नागरिक श्री श्यामसुंदर अग्रवाल जी को पूरे श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार की तरफ से सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।

जय श्री राम, जय हनुमान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *