सक्ती नगर को मिली पहली ब्लड बैंक की सौगात, ‘सक्ती ब्लड सेंटर’ का भव्य शुभारंभ

सक्ती नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में आज एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। बाराद्वार रोड, प्रीतम ट्रैक्टर के सामने, सक्ती नगर के प्रथम ब्लड बैंक “सक्ती ब्लड सेंटर” का आज 20 जुलाई 2026, दिन सोमवार को दोपहर में भव्य शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथियों ने काटा फीता, हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्री श्यामसुंदर अग्रवाल एवं श्री प्रीतम गबेल जी रहे। ब्लड बैंक के संचालक द्वारा दोनों अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों ने रिबन काटकर विधिवत रूप से ब्लड सेंटर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान पूरा परिसर ‘जय श्री राम’, ‘जय हनुमान’ और ‘मां महामाया’ के जयकारों से गूंज उठा।
श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार को विशेष आमंत्रण और भेंट
ब्लड सेंटर के संचालक द्वारा इस मांगलिक अवसर पर श्री सिद्ध हनुमान मंदिर के पूरे परिवार को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में सही समय पर पहुंचे मंदिर के पुजारी श्री ओमप्रकाश वैष्णव जी, कोंडके मौर्य, अमित तम्बोली, सोनू देवांगन, रिंकू निर्मलकर, हुताशन देवांगन एवं हाईकोर्ट के अधिवक्ता चित्रंजय पटेल जी ने सामुहिक रूप से संचालक को श्री सिद्ध हनुमान जी का छायाचित्र (तस्वीर) भेंट किया। संचालक ने अत्यंत श्रद्धाभाव से इस छायाचित्र को अपने माथे से लगाकर आशीर्वाद लिया।
पहले ही दिन हुआ रक्तदान, रिंकू निर्मलकर का सम्मान
इस शुभारंभ के अवसर पर मानवता की मिसाल पेश करते हुए श्री सिद्ध हनुमान मंदिर के सदस्य रिंकू निर्मलकर (भरत) ने अपना रक्तदान किया। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए मुख्य अतिथि श्री श्यामसुंदर अग्रवाल ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया और ब्लड डोनेशन का सर्टिफिकेट भी प्रदान किया।
विशेष व्यवस्था: कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों और नागरिकों के लिए स्वल्पाहार (नाश्ते) की एक बेहद अनूठी और शानदार व्यवस्था की गई थी, जिसकी सभी ने सराहना की। एक छोटे से थैले में एक समोसा, एक नमकीन कचौड़ी, एक रसगुल्ला, 1मिक्चर पाऊच छोटा, 1पाऊच टमाटोसॉस और एक छोटा बॉटल पानी का दिये चाहे तो आप वही खाओ या अपने घर लेके जाओ
इस प्रथम ब्लड बैंक के खुलने से अब सक्ती और आसपास के क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन स्थिति में खून के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। नगरवासियों ने इस पहल के लिए संचालक मंडल को बधाई दी है।













