समाचार

सक्ती में धूपबत्ती से निर्मित ‘मौलीश्वर गणेश’ का अनोखा पंडाल बना आकर्षण का केंद्र, पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन के साथ हुआ समापन

सक्ती: गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर सक्ती बस्ती में कला और भक्ति का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। स्थानीय कलाकार अमित तम्बोली ने अपनी 12 वर्षों की अनूठी परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी एक बेहद सूक्ष्म और भव्य गणेश पंडाल का निर्माण किया। मौली फिश एवं एक्योरियम परिसर में विराजे ‘मौलीश्वर गणेश’ जी का यह छोटा सा पंडाल केवल 3 फीट सामने, 24 इंच पीछे और 3 फीट ऊँचा था।

14000 धूपबत्तियों और 150 घंटे की कड़ी मेहनत से बना पंडाल

14 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित इस उत्सव के लिए रंगीन सूखे कोन आकार की धूपबत्तियों से यह आकर्षक पंडाल तैयार किया गया था। इस निर्माण में लगभग 14,000 नग (40 किलोग्राम) धूपबत्तियों का उपयोग हुआ, जिसे आकार देने में अमित तम्बोली को करीब 150 घंटे का समय लगा। इस कलात्मक कार्य में अंशु और आशी ने विशेष सहयोग दिया, वहीं सम्पूर्ण धूपबत्ती योगेश डालमिया द्वारा सहयोग स्वरूप प्रदान की गई।

विधि-विधान से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान

उत्सव के प्रथम दिन पंडित हरनारायण पाण्डेय द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई, जिसमें मुख्य यजमान अंशु तम्बोली रहे। 12 दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में नंदकिशोर तम्बोली और सुशीला तम्बोली ने पूरे परिवार के साथ सुबह-शाम आरती की। प्रतिदिन सुनीता तम्बोली द्वारा अपने हाथों से निर्मित अलग-अलग प्रकार के भोग का वितरण किया गया, जिसमें ममता तम्बोली तथा राजू-मनीषा तम्बोली ने भी भोग प्रसाद चढाये। बच्चों के आकर्षण का केंद्र रोली और मौली द्वारा वितरित किया जाने वाला धूपबत्ती के आकार का विशेष प्रसाद रहा।

मातृशक्ति का कीर्तन और 51 दीपों से महाआरती

इस अनोखे पंडाल को देखने सक्ती बस्ती और आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँचे। गणेश चतुर्थी के पंचम दिवस पर मातृशक्ति द्वारा विशाल कीर्तन का आयोजन किया गया। वहीं दसवें दिन श्री सिद्ध हनुमान मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश वैष्णव एवं संध्या वैष्णव के साथ मंदिर परिवार के सदस्य सोनू-एकल देवांगन, महेन्द्र-लता गबेल, रिंकू-पुष्पा निर्मलकर, योगेश-आँचल देवांगन, कोंडके मौर्य, हुताशन देवांगन, पप्पू खर्रा, पप्पू गौ सेवक, घनश्याम साहू, सुरेश देवांगन, मोनू साहू, शान्ति थवाईत, चंदनी देवांगन, भावना देवांगन, पुलिस कालोनी की बहनों तथा महामाया अपार्टमेंट की मातृशक्ति ने मिलकर 51 दीपों से गणेश जी की भव्य महाआरती की। आरती के पश्चात अमित तम्बोली के पुत्र अंशु तम्बोली एवं परिवार द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया।

पर्यावरण-अनुकूल अनोखा विसर्जन

अनंत चतुर्दशी के दिन मूसलाधार बारिश के बीच पंडित जी द्वारा हवन-पूजन संपन्न कराया गया। 25 सितंबर की संध्या को मौलीश्वर गणेश जी को एक बड़े पात्र में विराजित कर रिकॉर्डिंग मंत्रोच्चार के बीच दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और गंगाजल से अभिषेक किया गया। इस अभिषेक में नगर के अनेक श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नदी-तालाबों को प्रदूषित किए बिना, प्रतिमा को पूरी रात जल में डूबा कर रखा गया जिससे वह पूरी तरह जल में विलीन हो गई। इसके बाद उस पवित्र जल को पेड़-पौधों में सींचा गया और मिट्टी को गमलों में डालकर विसर्जन की प्रक्रिया को भक्तिभाव और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से पूर्ण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *