सक्ती में श्री सिद्ध हनुमान मंदिर की 171वीं महाआरती संपन्न: पंडित ओमप्रकाश शर्मा का हुआ भव्य नागरिक अभिनंदन

सक्ती। नगर के प्रतिष्ठित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में 25 अगस्त, मंगलवार को 171वीं भव्य महाआरती का आयोजन परम आदरणीय पंडित श्री ओमप्रकाश शर्मा जी के गरिमामय सानिध्य में अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
अतिथि महाराज पंडित श्री ओमप्रकाश शर्मा जी अपनी धर्मपत्नी एवं सुपुत्री के साथ ठीक निर्धारित समय पर हनुमान गेट पहुँचे। यहाँ मंदिर परिवार के सदस्यों ने उनका चरण स्पर्श कर पुष्प वर्षा और गगनभेदी जयकारों के साथ आत्मीय स्वागत करते हुए मुख्य मंदिर तक अगवानी की।
मंदिर परिसर पहुँचने पर प्रधान पुजारी ओमप्रकाश वैष्णव जी ने पंडित शर्मा जी को तिलक लगाकर एवं चुन्नी भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया। वहीं संध्या वैष्णव जी ने अतिथि की धर्मपत्नी व सुपुत्री का तिलक लगाकर तथा मोती की माला पहनाकर आदर सत्कार किया। तत्पश्चात पुजारी जी बजरंगबली के विशेष श्रृंगार हेतु पट बंद कर व्यस्त हो गए, जबकि कार्यक्रम का सफल मंच संचालन कोंडके मौर्य जी ने करते हुए उपस्थित भक्तों को संपूर्ण रूपरेखा से अवगत कराया।
पट खुलते ही श्रद्धालुओं को हनुमान जी के अति दिव्य एवं अलौकिक रूप का दर्शन प्राप्त हुआ। इसके बाद मातृशक्ति के साथ अतिथि की धर्मपत्नी व सुपुत्री ने पंच दीपक आरती प्रज्वलित की, जिसके साथ पंडित शर्मा जी द्वारा गणेश वंदना एवं गणेश जी की आरती संपन्न कराई गई। महिला समूह द्वारा 51 दीपों से सुसज्जित महाआरती प्रज्वलित की गई, जिसकी प्रथम आरती पंडित शर्मा जी व उनके परिवार ने उतारी। तत्पश्चात उपस्थित सभी भक्तों ने बारी-बारी से आरती कर पुण्य लाभ कमाया। अंत में मंच पर उपस्थित सभी महानुभावों ने मिलकर महाआरती पूर्ण की और सामूहिक हनुमान चालीसा का ओजस्वी पाठ किया।
चालीसा पूर्ण होने पर शर्मा जी को गर्भगृह में आमंत्रित किया गया, जहाँ उन्होंने हनुमान जी के चरणों में श्रद्धापूर्वक माथा टेका। पुजारी ओमप्रकाश वैष्णव एवं कोंडके मौर्य जी ने उन्हें स्मृति चिन्ह स्वरूप हनुमान जी का छायाचित्र भेंट किया। अपने आशीर्वचन में पंडित शर्मा जी ने कहा कि महाआरती, चालीसा पाठ और हनुमान जी के चरणों में शीश नवाकर वे अत्यंत अभिभूत हैं। उन्होंने मंदिर परिवार के सुव्यवस्थित प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में: हाल ही में बैजनाथ धाम से जलाभिषेक कर लौटे सदस्यों, उज्जैन में महाकाल दर्शन कर आए श्रद्धालुओं और सोमवार को तुर्री धाम पैदल जाकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करने वाले वरिष्ठ सदस्य चित्रंजय पटेल जी का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनके सम्मान में लिंगाष्टकम स्तोत्र पर आधारित मधुर भजन की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मंदिर के सेल्फी ज़ोन में अतिथि परिवार के साथ मंदिर समिति के सभी महिला-पुरुष सदस्यों ने छायाचित्र खिंचवाए। अंत में अतिथि परिवार को भोजन प्रसादी कराकर ससम्मान विदाई दी गई।
यूट्यूब लाईव:- गौरव यादव, योगेश देवांगन, आरुष देवांगन
संगीत एवं भजन:- पूनम तम्बोली, प्रीति, काजल, अवनी, गीतिका, निशा देवांगन
मंच संचालन:- कोडके मौर्य
संरक्षक:- चित्रंजय पटेल
फोटो ग्राफी:- रिंकू निर्मलकर
आरती व्यवस्था:- रिंकू निर्मलकर
साउंड व्यवस्था:- सोनू देवांगन
प्रसाद वितरण:- महेंद्र गबेल
अन्य सेवा:- सुरेश देवांगन, पप्पू खर्रा, पप्पू गौ सेवक, संतोष देवांगन
सुबह का श्रृंगार:- आर.के ऑटो मोबाईल सक्ती
शाम का श्रृंगार:- समारू क्लॉथ स्ट्रोर्स सक्ती
दीप प्रज्वलित:- श्रीमती संध्या वैष्णव, लिली वैष्णव, अतिथि पंडित की धर्मपत्नी, पुत्री, चमेली देवांगन, चंद्रिका साहू
प्रसाद:- याता यात थाना सक्ती, पप्पू खर्रा गौ सेवक
सिंदुराभिषेक:- निधी राहुल गबेल, रामगोपाल प्रियंका विकास कुमार गबेल, लीना विकास बरेठ, अविनाश गबेल, नितिन-अन्नपूर्णा प्रतुषा पद्माक्ष सोनी, भूषण प्रसाद कमला बाई धनपत
शुन्दरकाण्ड:- रामकृष्ण गबेल, रोहिणी देवी गबेल, एकांश बरेठ
















