श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में लीनेश क्लब की मातृशक्ति ने दिया ‘मोबाइल डिटॉक्स’ का अनोखा संदेश

सक्ती: लीनेश क्लब सक्ती की मातृशक्ति सदस्यों ने श्री सिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान जी के दर्शन किए और भावपूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। दर्शन के उपरांत सभी महिलाएं गौ सेवा शेल्टर पहुंचीं, जहां उन्होंने पीड़ित गौ माताओं को श्रद्धापूर्वक फल खिलाकर सेवा की।
मंदिर परिसर के सेल्फी ज़ोन में लीनेश क्लब के बैनर तले एक बेहद अनोखा और प्रेरणादायक खेल खेला गया, जिसने वहां से गुजरने वाले हर राहगीर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लोगों ने इस पहल की जमकर तारीफ की। इस अनोखे खेल को ‘मोबाइल डिटॉक्स’ का नाम दिया गया।
क्या था ‘मोबाइल डिटॉक्स’ खेल?
यह खेल बहुत ही सरल, दिलचस्प और समाज को गहरी सीख देने वाला था। सभी महिलाओं ने अपने-अपने मोबाइल फोन को एक जगह बीच में रख दिया। शर्त यह थी कि इस दौरान किसी का भी फोन आए या मैसेज, कोई भी अपने मोबाइल को हाथ नहीं लगाएगा। मोबाइल की दुनिया से कटकर सभी सदस्यों ने घंटों एक-दूसरे से दिल खोलकर बातचीत की और बचपन के पुराने खेल खेलकर पुरानी यादें ताजा कीं। इस दौरान सभी के चेहरे पर एक अलग ही खुशी और सुकून नजर आया।
मोबाइल की दूरी से बढ़ेगा अपनों का प्यार
कार्यक्रम के दौरान लीनेश क्लब की सदस्य शालू पाहवा जी ने मोबाइल के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “आज के दौर में हमें मोबाइल से कुछ समय के लिए दूरी बनाना बेहद जरूरी है। मोबाइल का अत्यधिक इस्तेमाल मानसिक और शारीरिक रूप से कई बीमारियों को न्योता देता है।”
वहीं क्लब की अन्य सदस्यों ने विचार साझा करते हुए कहा कि आज के समय में पूरा परिवार एक ही घर में रहते हुए भी मोबाइल में व्यस्त रहता है। यदि पूरा परिवार दिन में कुछ समय के लिए मोबाइल को किनारे रखकर एक साथ बैठे और आपस में बातचीत करे, तो रिश्तों की मिठास वापस लौट आएगी और घर के सदस्य एक-दूसरे को और बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
लीनेश क्लब की इस अनूठी पहल ने समाज को डिजिटल दुनिया से बाहर निकलकर वास्तविक रिश्तों और अपनों के साथ समय बिताने की एक खूबसूरत प्रेरणा दी है।
लीनेस शालू पाहवा, रामकुंवर साहू, लता नायक, निधि सिंह, अनीता सिंह, विजया जायसवाल, शहनाज बानो, निकहत करीम, प्रिया दुबे, अनीता राठौर, अलका कंवर, रीता राज









